विद्यार्थी के 5 लक्षण - जीवन की सफलता का मार्ग

विद्यार्थी के 5 लक्षण - जीवन की सफलता का मार्ग

आज की इस पोस्ट में विद्यार्थी के पाँच लक्षण की जानकारी प्राप्त करेंगे जो एक विद्यार्थी के जीवन की सफलता का मार्ग बताया गया है । हमारे पुराने शास्त्रों में बताए गए विद्यार्थी के 5 लक्षण आज के समय में भी आपको जीवन में सबसे आगे ले जा सकते हैं। 

समय बदलता है, तकनीक बदलती है, परंतु जीवन में सफलता पाने के नियम कभी नहीं बदलते। शिक्षा के क्षेत्र में अक्सर यह देखा जाता है कि कुछ विद्यार्थी दिन-रात एक करने पर भी साधारण अंक ही ला पाते हैं ।

विद्यार्थी के 5 लक्षण
विद्यार्थी के 5 लक्षण - जीवन की सफलता का मार्ग


कुछ विद्यार्थी कम समय में भी बहुत आगे निकल जाते हैं। इस अंतर का कारण किसी की बुद्धि का कम या अधिक होना नहीं, बल्कि जीवन की कुछ अच्छी आदतें हैं।

हमारे प्राचीन नीति शास्त्रों में एक आदर्श विद्यार्थी के पाँच लक्षण बताए गए हैं, जो आज के समय में भी उतने ही मूल्यवान हैं। एक प्रसिद्ध श्लोक के माध्यम से इन लक्षणों को बहुत ही सुंदर ढंग से समझाया गया है -

"काक चेष्टा, बको ध्यानं, श्वान निद्रा तथैव च।

अल्पहारी, गृहत्यागी, विद्यार्थी पंच लक्षणं॥"

आइए, बहुत ही सरल और सहज भाषा में इन पाँच लक्षणों के गहरे अर्थ को समझें और यह जानें कि इन्हें हम अपने दैनिक जीवन में कैसे उतार सकते हैं।


1. काक चेष्टा ( कौवे जैसा निरंतर प्रयास )

अर्थ और कथा -

'काक' का अर्थ है कौवा और 'चेष्टा' का अर्थ है कोशिश। हम सबने बचपन में प्यासे कौवे की कहानी सुनी है। घड़े में पानी बहुत नीचे था, लेकिन कौवे ने हार नहीं मानी। उसने तब तक एक-एक कंकड़ घड़े में डाला, जब तक कि पानी ऊपर नहीं आ गया।

जीवन में इसका महत्व -

एक विद्यार्थी के भीतर कभी न हार मानने का जज्बा होना चाहिए। आज के समय में अक्सर यह होता है कि गणित का कोई कठिन सवाल या विज्ञान का कोई मुश्किल पाठ देखकर विद्यार्थी घबरा जाते हैं और प्रयास करना छोड़ देते हैं। 'काक चेष्टा' हमें सिखाती है कि जब तक सफलता न मिले, तब तक बार-बार प्रयास करते रहना चाहिए।

इसे व्यवहार में कैसे लाएं ?

1. कठिन विषयों से दूर भागने के बजाय उन्हें छोटे-छोटे भागों में बांटकर समझने का प्रयास करें।


2. यदि किसी परीक्षा में कम अंक आएं, तो निराश होने के स्थान पर अपनी कमियों को सुधारने का प्रयास करना चाहिए ।


2. बको ध्यानं ( बगुले जैसी एकाग्र ध्यान )

अर्थ और संदर्भ -

'बक' का अर्थ है बगुला। जब बगुला नदी के किनारे शिकार के लिए खड़ा होता है, तो वह बिल्कुल शांत और स्थिर रहता है। उसके आस-पास से कितनी ही छोटी मछलियां निकल जाती हैं, लेकिन उसका ध्यान नहीं भटकता। जैसे ही उसकी काम की बड़ी मछली आती है, वह एक झटके में उसे पकड़ लेता है।

जीवन में इसका महत्व -

आज के विद्यार्थियों की सबसे बड़ी समस्या है 'ध्यान का भटकना'। जब वे पढ़ने बैठते हैं, तो मोबाइल की एक छोटी सी आवाज या कोई संदेश उनका ध्यान खींच लेता है। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर समय कैसे बीत जाता है, पता ही नहीं चलता। 'बको ध्यानं' का अर्थ है गहरी एकाग्रता। जब आप पढ़ रहे हों, तो आपका पूरा ध्यान केवल अपनी पुस्तक पर होना चाहिए।


इसे व्यवहार में कैसे लाएं ?

1. पढ़ाई करते समय मोबाइल फोन और अन्य ध्यान भटकाने वाली वस्तुओं को खुद से दूर रखें।


2. एक समय में केवल एक ही काम करें, पढ़ते समय केवल पढ़ें और खेलते समय केवल खेलें।


3. श्वान निद्रा ( कुत्ते जैसी नींद )

अर्थ और संदर्भ -

'श्वान' का अर्थ है कुत्ता। यदि कोई सोए हुए कुत्ते के पास से बहुत धीरे से भी गुजरे, तो वह तुरंत जाग जाता है और सचेत हो जाता है। उसकी नींद गहरी होती है, फिर भी वह हमेशा सावधान रहता है।

जीवन में इसका महत्व -

यहाँ इस लक्षण का अर्थ कम सोना बिल्कुल नहीं है। स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त नींद बहुत आवश्यक है। इसका वास्तविक अर्थ है 'आलस्य का त्याग'। कुछ विद्यार्थियों की आदत होती है कि वे सुबह अलार्म बजने के बाद भी सोते रहते हैं और कीमती समय गँवा देते हैं। एक अच्छे विद्यार्थी को आलस्य और प्रमाद से दूर रहना चाहिए, ताकि जब उठने का समय हो, तो वह तुरंत बिस्तर छोड़ सके।

इसे व्यवहार में कैसे लाएं ?

1. रात को समय पर सोने और सुबह समय पर जागने की एक अच्छी दिनचर्या बनाएं।


2. सुबह उठते ही अपने दिन भर के कार्यों की एक छोटी सूची बनाएं।


4. अल्पहारी ( संतुलित भोजन करने वाला )

अर्थ और आधार -

'अल्प' का अर्थ है आवश्यकता के अनुसार और 'आहारी' का अर्थ है भोजन करने वाला। पुराने समय में इसका सीधा अर्थ कम खाने से था, ताकि पेट भारी न हो और पढ़ाई करते समय नींद या सुस्ती न आए।

जीवन में इसका महत्व -

आज के समय में 'अल्पहारी' का अर्थ है 'सही और सात्विक भोजन'। बाहर का तला हुआ या अस्वास्थ्यकर भोजन खाने से शरीर में भारीपन और आलस्य आता है। जब शरीर थका हुआ रहेगा, तो मस्तिष्क नई बातों को याद रखने में असमर्थ हो जाएगा। इसके साथ ही, आज के दौर में दिमाग में अच्छे विचारों को डालना भी जरूरी है। यदि दिन भर केवल व्यर्थ की बातें सोचेंगे, तो ज्ञान के लिए स्थान नहीं बचेगा।

इसे व्यवहार में कैसे लाएं ?

1. अपने भोजन में हरी सब्जियां, फल और घर का बना सादा खाना शामिल करें।


2. पढ़ने बैठने से ठीक पहले बहुत अधिक भारी भोजन करने से बचें।


5. गृहत्यागी ( सुख-सुविधाओं का मोह छोड़ने वाला )

अर्थ और इतिहास -

प्राचीन काल में विद्यार्थी विद्या प्राप्त करने के लिए अपने माता-पिता और घर के आरामदायक माहौल को छोड़कर गुरुकुल जाते थे। वहां सभी को एक समान और साधारण परिस्थितियों में रहकर सीखना पड़ता था।

जीवन में इसका महत्व -

आज के समय में किसी को अपना घर छोड़ने की आवश्यकता नहीं है। आज के संदर्भ में 'गृहत्यागी' का अर्थ है 'अपने आराम के घेरे (कम्फर्ट ज़ोन) से बाहर निकलना'। यदि कोई हमेशा केवल सुख-सुविधाओं और ऐश-ओ-आराम में डूबा रहेगा, तो वह जीवन की कठिन चुनौतियों का सामना नहीं कर पाएगा। एक सच्चे विद्यार्थी को हर परिस्थिति में ढलना आना चाहिए।

इसे व्यवहार में कैसे लाएं ?

1. बिस्तर पर लेटकर पढ़ने के बजाय कुर्सी और मेज पर सीधे बैठकर पढ़ने का अभ्यास करें।


2. सुबह जल्दी उठना या किसी कठिन विषय को याद करना जैसी चुनौतियों से कभी डरें नहीं।


सीख जो ग्रहण करनी आवश्यक है -

ये पाँच लक्षण कोई पुरानी या पुरानी पड़ चुकी बातें नहीं हैं, बल्कि यह अपने जीवन को संवारने का सबसे सुंदर और सरल नियम हैं।

  1. कौवे से सीखें कि मेहनत कैसे करनी है।

  2. बगुले से सीखें कि ध्यान कैसे लगाना है।

  3. कुत्ते से सीखें कि आलस्य को कैसे दूर भगाना है।

  4. संतुलित भोजन से अपने शरीर और मन को स्वस्थ रखें।

  5. सुख-सुविधाओं का मोह छोड़कर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें।

यदि कोई विद्यार्थी इन पाँच गुणों में से केवल दो या तीन गुणों को भी अपने जीवन का हिस्सा बना लेता है, तो उसे अपनी परीक्षाओं में और जीवन के हर मार्ग पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। अपनी शक्तियों को पहचान कर और आज से ही एक श्रेष्ठ विद्यार्थी बनने की दिशा में कदम बढ़ाना शुरू कर देना चाहिए ।

क्या आपने आज से कोई सुधार करना शुरू किया है तो कमेंट करके अवश्य बताएं ।


विद्यार्थी जीवन के 5 लक्षण - प्रश्नोत्तरी 

प्रश्न 1. शास्त्रों के अनुसार एक अच्छे विद्यार्थी को ज्ञान प्राप्त करने के लिए किस पक्षी की तरह हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए ?
  • (A) तोते की तरह
  • (B) कौवे की तरह
  • (C) हंस की तरह
  • (D) कबूतर की तरह
  • सही उत्तर: (B) कौवे की तरह
प्रश्न 2. 'बको ध्यानं' का साधारण अर्थ क्या है ?
  • (A) बगुले जैसी एकाग्रता
  • (B) बगुले की तरह उड़ना
  • (C) बगुले जैसी सफेदी
  • (D) बगुले की तरह बोलना
  • सही उत्तर: (A) बगुले जैसी एकाग्रता
प्रश्न 3. आज के समय में पढ़ाई के दौरान ध्यान (Focus) भटकने का सबसे बड़ा कारण क्या है ?
  • (A) खेल-कूद
  • (B) नींद आना
  • (C) मोबाइल और सोशल मीडिया
  • (D) मित्रों से बातचीत
  • सही उत्तर: (C) मोबाइल और सोशल मीडिया

प्रश्न 4. 'श्वान निद्रा' का विद्यार्थी जीवन में वास्तविक संदेश क्या है ?
  • (A) दिन भर सोते रहना
  • (B) कम से कम 4 घंटे सोना
  • (C) आलस्य का त्याग और सजग रहना
  • (D) सोते समय सपने देखना
  • सही उत्तर: (C) आलस्य का त्याग और सजग रहना
प्रश्न 5. विद्यार्थी के लिए 'अल्पहारी' होने का क्या तात्पर्य है ?
  • (A) भोजन बिल्कुल न करना
  • (B) केवल फल खाना
  • (C) आवश्यकतानुसार संतुलित और सात्विक भोजन करना
  • (D) दिन में चार बार भारी भोजन करना
  • सही उत्तर: (C) आवश्यकतानुसार संतुलित और सात्विक भोजन करना
प्रश्न 6. आज के आधुनिक संदर्भ में 'गृहत्यागी' बनने का सही अर्थ क्या है ?
  • (A) अपना घर छोड़कर वन चले जाना
  • (B) अपने सुख-साधनों के सीमित घेरे (कम्फर्ट ज़ोन) से बाहर आना
  • (C) माता-पिता से बात न करना
  • (D) किसी हॉस्टल में जाकर रहना
  • सही उत्तर: (B) अपने सुख-साधनों के सीमित घेरे (कम्फर्ट ज़ोन) से बाहर आना
प्रश्न 7. प्राचीन नीति शास्त्रों का यह प्रसिद्ध श्लोक "काक चेष्टा, बको ध्यानं..." मूल रूप से किसके लिए लिखा गया है ?
  • (A) व्यापारियों के लिए
  • (B) राजाओं के लिए
  • (C) विद्यार्थियों के लिए
  • (D) संन्यासियों के लिए
  • सही उत्तर: (C) विद्यार्थियों के लिए