NCERT हिन्दी कक्षा 12 हरिवंश राय बच्चन आत्म परिचय एक गीत । सम्पूर्ण नोट्स

NCERT हिन्दी कक्षा 12 हरिवंश राय बच्चन आत्म परिचय  एक गीत ।  सम्पूर्ण नोट्स

इस पोस्ट में आज हम NCERT आधारित कक्षा 12 परीक्षा की अच्छी तैयारी करने के लिए अनिवार्य हिंदी के पाठ हरिवंश राय बच्चन जी की रचना आत्मपरिचय और एक गीत का कवि परिचय, सप्रसंग व्याख्या, काव्य सौंदर्य और महत्वपूर्ण प्रश्न-उत्तर की जानकारी नोट्स के रूप में समझने की कोशिश करेंगे । 


इस पोस्ट में  Class 12 आरोह भाग -2 के पाठ 1 की सम्पूर्ण जानकारी को बहुत ही सरल शब्दों में समझाने का प्रयास किया गया है ताकि आप अपनी तैयारी ठीक तरीके से कर सके । 



कवि परिचय - हरिवंश राय बच्चन


1.नाम - हरिवंश राय बच्चन (जन्म - 1907, इलाहाबाद | निधन -2003, मुंबई)।

2. बच्चन जी हिंदी साहित्य में 'हालावाद' के जनक माने जाते हैं, जिसका अर्थ है जीवन को बिना किसी चिंता के मस्ती और बिना परवाह किए अपने अंदाज में जीना।

3. प्रमुख रचनाएँ- मधुशाला, मधुबाला, मधुकलश, निशा निमंत्रण।

4. इनकी आत्मकथा चार भागों में विभाजित है जिनके नाम हैं - क्या भूलूँ क्या याद करूँ, नीड़ का निर्माण फिर, बसेरे से दूर और दशद्वार से सोपान तक।

5. भाषा-शैली - बहुत ही सरल, सीधी और आम बोलचाल की खड़ी बोली हिंदी का प्रयोग किया है, जिसे गाकर पढ़ा जा सकता है।


आत्म परिचय सम्पूर्ण नोट्स कक्षा 12
कक्षा 12 हिन्दी आत्म परिचय और एक गीत के सम्पूर्ण नोट्स 

हरिवंश राय बच्चन - आत्मपरिचय कविता की सप्रसंग व्याख्या ( सभी 10 पद )

हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध कविता 'आत्मपरिचय' की सप्रसंग व्याख्या और भाव सौंदर्य को बहुत ही सरल रूप में जानेंगे। यहाँ आसान शब्दों में बताया गया है कि कैसे कवि संसार की सभी कठिनाइयों को झेलते हुए भी जीवन से प्यार करते हैं। यह कविता हमें सिखाती है कि अपने दुखों को भूलकर दुनिया में प्यार बांटना और अपनी धुन में मस्त रहना ही जीने का सही तरीका है।


पद 1 - मैं जग-जीवन का भार लिए फिरता हूँ -------------- ।


मैं जग-जीवन का भार लिए फिरता हूँ,

फिर भी जीवन में प्यार लिए फिरता हूँ;

कर दिया किसी ने झंकृत जिनको छूकर,

मैं साँसों के दो तार लिए फिरता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता प्रसिद्ध कवि हरिवंशराय बच्चन हैं। इस पद में कवि ने संसार की कठिन परिस्थितियों के बीच अपने प्रेमपूर्ण स्वभाव का वर्णन किया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि इस सांसारिक जीवन में मेरे ऊपर अनेक जिम्मेदारियाँ और सामाजिक बंधन हैं, जिन्हें मैं एक भार यानी बोझ की तरह महसूस करता हूँ। इतनी मुश्किलों के बाद भी मेरे दिल में संसार के लिए केवल प्रेम ही प्रेम है।

किसी प्रियतम ने मेरे दिल को छूकर मेरी साँसों के तारों को संगीत की तरह बजा दिया है, और मैं उन्हीं पुरानी यादों की मस्ती में जी रहा हूँ।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. जग-जीवन में अनुप्रास और साँसों के दो तार में रूपक अलंकार है।
  2. कवि ने सुख-दुःख में प्रेम बनाए रखने की बात कही है।
  3. भाषा सरल, प्रवाहमयी और खड़ी बोली हिंदी है।


पद 2 -मैं स्नेह-सुरा का पान किया करता हूँ ----------------------------- ।


मैं स्नेह-सुरा का पान किया करता हूँ,

मैं कभी न जग का ध्यान किया करता हूँ,

जग पूछ रहा उनको, जो जग की गाते,

मैं अपने मन का गान किया करता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इसमें कवि ने संसार की परवाह न करके अपने मन के अनुसार जीने की बात कही है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि मैं हमेशा प्रेम रूपी मदिरा (स्नेह-सुरा) के नशे में डूबा रहता हूँ। यह संसार मेरे बारे में क्या सोचता है, मैं इसकी कभी चिंता नहीं करता।

यह संसार केवल उन्हीं लोगों की प्रशंसा करता है जो इसके नियम के अनुसार चलते हैं, लेकिन मैं केवल वही करता और गाता हूँ जो मेरे मन को अच्छा लगता है।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. स्नेह-सुरा में रूपक अलंकार का सुंदर प्रयोग हुआ है।
  2. संसार की स्वार्थी प्रवृत्ति पर करारा व्यंग्य किया गया है।
  3. पूरी कविता में गेयता का गुण है जिसे आसानी से गाया जा सकता है।


पद 3 - मैं निज उर के उद्गार लिए फिरता हूँ --------------------------------।

मैं निज उर के उद्गार लिए फिरता हूँ,

मैं निज उर के उपहार लिए फिरता हूँ;

है यह अपूर्ण संसार न मुझको भाता,

मैं स्वप्नों का संसार लिए फिरता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इस पद में कवि ने संसार की कमियों को बताते हुए अपनी काल्पनिक दुनिया का वर्णन किया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि मैं किसी बाहरी दुनिया के विचारों पर नहीं चलता, बल्कि अपने दिल की भावों को व्यक्त करता हूँ। मेरे पास संसार को देने के लिए केवल प्रेम का अनमोल उपहार है।

यह संसार अधूरा है क्योंकि यहाँ सच्चा प्रेम नहीं है, इसलिए यह मुझे पसंद नहीं आता। मैं अपने मन में एक सुंदर और काल्पनिक प्रेम की दुनिया बनाकर जीता हूँ।

विशेष -

  1. स्वप्नों का संसार में स वर्ण की आवृत्ति से अनुप्रास अलंकार है।
  2. कवि ने हृदय की आंतरिक भावनाओं को संसार के वैभव से बड़ा माना है।
  3. तत्सम और तद्भव शब्दों का बहुत ही सुंदर मिश्रण किया गया है।

पद 4 - मैं जला हृदय में अग्नि, दहा करता हूँ -------------------।

मैं जला हृदय में अग्नि, दहा करता हूँ,

सुख-दुःख दोनों में मग्न रहा करता हूँ;

जग भव-सागर तरने को नाव बनाए,

मैं भव-मौजों पर मस्त बहा करता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इसमें कवि ने जीवन के सुख-दुःख को समान भाव से स्वीकार करने का संदेश दिया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि मेरे दिल में प्रेम की वियोग रूपी आग जल रही है, जिसकी तड़प को मैं खुद ही सहता हूँ। मैं जीवन के सुख और दुःख दोनों ही परिस्थितियों में हमेशा एक जैसा यानी मस्त रहता हूँ।

लोग इस संसार रूपी सागर (भव-सागर) को पार करने के लिए कर्म और मोक्ष की नावें बनाते हैं, लेकिन मैं इस संसार की लहरों (भव-मौजों) पर बिना किसी चिंता के मस्ती से बहा करता हूँ।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. भव-सागर और भव-मौजों में रूपक अलंकार का प्रयोग है।
  2. सुख और दुःख दोनों स्थितियों में समभाव रहने वाली अनासक्त भावना को व्यक्त किया गया है।
  3. शांत और श्रृंगार रस का मिला-जुला प्रभाव दिखाई देता है।


पद 5 - मैं यौवन का उन्माद लिए फिरता हूँ -----------------------।

मैं यौवन का उन्माद लिए फिरता हूँ,

उन्मादों में अवसाद लिए फिरता हूँ,

जो मुझको बाहर हँसा, रुलाती भीतर,

मैं हाय, किसी की याद लिए फिरता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इस पद में कवि ने अपने मन की विरह वेदना और आंतरिक दुःख को प्रकट किया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि मेरे ऊपर अपनी जवानी का पागलपन (यौवन का उन्माद) सवार है। लेकिन इस पागलपन में भी एक गहरा दुःख और निराशा (अवसाद) छिपी हुई है।

मेरे दिल में किसी प्रियतम की ऐसी याद बसी है जो मुझे दुनिया के सामने बाहर से तो हँसाती है, लेकिन अंदर ही अंदर मुझे रुला जाती है।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. 'उन्माद में अवसाद' में विरोधाभास अलंकार है।
  2. कवि ने अपनी विरह वेदना का वास्तविक वर्णन किया है ।
  3. भाषा तत्सम शब्द प्रधान है।


पद 6 - कर यत्न मिटे सब, सत्य किसी ने जाना ?--------- ।

कर यत्न मिटे सब, सत्य किसी ने जाना ?

नादान वहीं है, हाय, जहाँ पर दाना!

फिर मूढ़ न क्या जग, जो इस पर भी सीखे ?

मैं सीख रहा हूँ, सीखा ज्ञान भुलाना!

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इसमें कवि ने संसार की अज्ञानता और दुनियादारी की सीख को भुलाने का वर्णन किया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि इस संसार में बड़े-बड़े ज्ञानी लोग सत्य को जानने की कोशिश करके हार गए, लेकिन कोई भी उस शाश्वत सत्य को नहीं जान पाया। इस संसार में जहाँ समझदार या बुद्धिमानलोग (दाना) रहते हैं, वहीं नासमझ और स्वार्थी लोग (नादान) भी रहते हैं जो भौतिक सुखों के पीछे भागते रहते हैं।

यह संसार मूर्ख है जो बार-बार धोखा खाने के बाद भी स्वार्थ के रास्ते पर ही चलना सीखता है। इसलिए, मैं इस संसार के सीखे हुए ज्ञान को भुलाकर अपने मन की बात सुनना सीख रहा हूँ।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. 'सत्य किसी ने जाना' में प्रश्न अलंकार तथा 'सीखा ज्ञान भुलाना ?' में विरोधाभास अलंकार है।
  2. दाना और नादान शब्दों के प्रयोग से सूफियाना अंदाज़ झलकता है।
  3. शांत रस की प्रधानता है और शैली उपदेशात्मक है।


पद 7 - मैं और, और जग और, कहाँ का नाता -------- ।

मैं और, और जग और, कहाँ का नाता,

मैं बना-बना कितने जग रोज़ मिटाता;

जग जिस पृथ्वी पर जोड़ा करता वैभव,

मैं प्रति पग से उस पृथ्वी को ठुकराता!

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इस पद में कवि ने स्वयं के और संसार के वैचारिक मतभेद को दर्शाया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि मेरा स्वभाव अलग है और इस संसार का स्वभाव बिल्कुल अलग है, इसलिए हमारा आपस में कोई रिश्ता नहीं हो सकता। मैं रोज़ अपनी कल्पना में ऐसे कितने ही संसार बनाता हूँ और पसंद न आने पर उन्हें मिटा देता हूँ।

यह संसार जिस धरती पर धन-दौलत और सुख-सुविधाएँ यानी वैभव इकट्ठा करने में लगा रहता है, मैं अपने हर कदम से उस लालची धरती की सोच को ठुकराता हूँ।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. 'मैं और, और जग और' में यमक अलंकार है तथा बना-बना में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।
  2. कवि की भौतिक सुख-सुविधाओं के प्रति अनासक्ति यानी वैराग्य की भावना प्रकट हुई है।
  3. खड़ी बोली हिंदी का शुद्ध और प्रवाहमयी प्रयोग किया गया है।


पद 8 - मैं निज रोदन में राग लिए फिरता हूँ ----------- ।

मैं निज रोदन में राग लिए फिरता हूँ,

शीतल वाणी में आग लिए फिरता हूँ,

जिस पर भूपों के प्रसाद निछावर,

मैं वह खंडहर का भाग लिए फिरता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इसमें कवि ने अपनी कोमल वाणी के पीछे छिपे क्रांतिकारी विचारों को प्रकट किया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि जब मैं अपने दुखों में रोता हूँ तो उसमें भी कविता का एक सुंदर संगीत (राग) निकलता है। मेरी बोली बाहर से बहुत कोमल और शांत है, लेकिन उसके अंदर समाज के बंधनों के खिलाफ एक आग छिपी हुई है।

मेरे पास प्रेम की टूटी हुई यादों का एक ऐसा खंडहर है, जिस पर बड़े-बड़े राजाओं के महल (प्रसाद) भी कुर्बान किए जा सकते हैं।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. रोदन में राग और शीतल वाणी में आग में विरोधाभास अलंकार का उत्कृष्ट प्रयोग है।
  2. कवि ने महलों के सुख की तुलना में प्रेम के खंडहर को अधिक मूल्यवान माना है।
  3. भाषा में नाद-सौंदर्य यानी शब्दों का सुंदर तालमेल है।


पद 9 - मैं रोया, इसको तुम कहते हो गाना ---------------।

मैं रोया, इसको तुम कहते हो गाना,

मैं फूट पड़ा, तुम कहते छंद बनाना;

क्यों कवि कहकर संसार मुझे अपनाए,

मैं दुनिया का हूँ एक नया दीवाना !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इस पद में कवि ने संसार द्वारा उन्हें कवि माने जाने पर आपत्ति जताई है और खुद को दीवाना कहा है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि जब मैंने अपने दिल का दर्द बयां किया और मैं रो पड़ा, तो दुनिया ने उसे मेरा गाना समझ लिया। जब मेरा दुःख बहुत बढ़ गया और मैं जोर से चिल्ला पड़ा, तो लोगों ने कहा कि मैं कविता के शब्द यानी छंद सजा रहा हूँ। यह संसार मुझे एक कवि के रूप में क्यों देखना चाहता है ? सच तो यह है कि मैं इस दुनिया में प्रेम की मस्ती में डूबा हुआ एक नया दीवाना हूँ।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. क्यों कवि कहकर में क वर्ण की आवृत्ति से अनुप्रास अलंकार है।
  2. कवि ने अपनी पीड़ा को कविता का आधार बताया है।
  3. इसमें आत्म-अभिव्यक्ति की प्रधानता है।

पद 10 - मैं दीवानों का वेश लिए फिरता हूँ --------------------------- ।

मैं दीवानों का वेश लिए फिरता हूँ,

मैं मादकता निःशेष लिए फिरता हूँ;

जिसको सुनकर जग झूम, झुके, लहराए,

मैं मस्ती का संदेश लिए फिरता हूँ !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित कविता आत्मपरिचय से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। यह इस कविता का अंतिम पद है जिसमें कवि ने संसार को मस्ती का संदेश दिया है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि मैं इस संसार में पागलों या प्रेम के दीवानों की तरह घूमता हूँ। मेरे भीतर प्रेम का ऐसा नशा है जो कभी खत्म नहीं होता। मैं दुनिया के लोगों के लिए एक ऐसा संदेश लेकर आया हूँ, जिसे सुनकर पूरी दुनिया खुशी से झूम उठे, प्रेम के आगे झुक जाए और आनंद से लहराने लगे। मैं सबको केवल मस्ती और भाईचारे का संदेश देता हूँ।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. झूम झुके में अनुप्रास अलंकार का सुंदर प्रयोग है।
  2. कवि का संदेश संपूर्ण मानव जाति के लिए कल्याणकारी और प्रेमपूर्ण है।
  3. आत्मपरिचय कविता का समापन अत्यंत सकारात्मक और उत्साह को बढ़ाने वाला है


हरिवंश राय बच्चन - दिन जल्दी जल्दी ढलता है कविता की सप्रसंग व्याख्या -

हरिवंश राय बच्चन की कविता 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है' की सप्रसंग व्याख्या और भाव सौंदर्य को बहुत ही सरल रूप में जानेंगे। कविता के अनुसार, शाम होते ही चिड़िया अपने बच्चों के लिए तेजी से पंख फड़फड़ाती है और पथिक भी मंजिल पाने के लिए तेज चलने लगता है।

यहाँ आसान शब्दों में बताया गया है कि समय बहुत तेजी से भागता है, इसलिए जीवन में अपने प्रियजनों से मिलने की व्याकुलता ही मनुष्य के कदमों में तेजी लाती है।

पद 1 - हो जाय न पथ में रात कहीं --------- ।


हो जाय न पथ में रात कहीं,

मंजिल भी तो है दूर नहीं—

यह सोच थका दिन का पंथी भी जल्दी-जल्दी चलता है !

दिन जल्दी-जल्दी ढलता है !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित गीत दिन जल्दी-जल्दी ढलता है से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। यह गीत उनके प्रसिद्ध काव्य संग्रह निशा निमंत्रण से लिया गया है। इसमें समय की परिवर्तनशीलता और पथिक की व्याकुलता का वर्णन है।

व्याख्या - कवि कहते हैं कि रास्ते में चलने वाला मुसाफिर (पंथी) जब यह देखता है कि सूरज डूबने वाला है और दिन खत्म हो रहा है, तो वह डर जाता है कि कहीं रास्ते में ही रात न हो जाए। उसकी मंजिल अब बहुत पास आ चुकी है।

यही सोचकर वह अपनी थकान भूल जाता है और तेजी से कदम बढ़ाने लगता है। समय बहुत तेजी से बीत रहा है।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. जल्दी-जल्दी में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार का प्रयोग हुआ है।
  2. समय के निरंतर बीतने की सच्चाई को रेखांकित किया गया है।
  3. भाषा अत्यंत सरल, सुबोध और बिंबप्रधान है।


पद 2 - बच्चे प्रत्याशा में होंगे -------- ।


बच्चे प्रत्याशा में होंगे,

नीड़ों से झाँक रहे होंगे—

यह ध्यान परों में चिड़ियों के भरता कितनी चंचलता है!

दिन जल्दी-जल्दी ढलता है !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित गीत दिन जल्दी-जल्दी ढलता है से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। इस पद में चिड़ियाँ के माध्यम से वात्सल्य रस और ममता का सुंदर उदाहरण दिया गया है।

व्याख्या - कवि चिड़ियाँ का उदाहरण देते हुए कहते हैं कि जब शाम होती है, तो चिड़िया सोचती है कि उसके छोटे-छोटे बच्चे इस उम्मीद (प्रत्याशा) में होंगे कि माँ आ रही होगी और वे अपने घोंसलों (नीड़ों) से बाहर सिर निकालकर उसका रास्ता देख रहे होंगे।

जैसे ही चिड़िया को अपने बच्चों का यह ख्याल आता है, उसके पंखों (परों) की रफ्तार बहुत तेज हो जाती है और वह तेजी से उड़ने लगती है।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. बच्चों के प्रति माँ के प्रेम को दर्शाने के कारण यहाँ वात्सल्य रस की प्रधानता है।
  2. घोंसलों से झाँकते बच्चों का सुंदर दृश्य-बिंब उकेरा गया है।
  3. जल्दी-जल्दी शब्द कविता की लय को बढ़ाता है।


पद 3 - मुझसे मिलने को कौन विकल ? ----------।


मुझसे मिलने को कौन विकल ?

मैं होऊँ किसके हित चंचल ?

यह प्रश्न शिथिल करता पद को, भरता उर में विह्वलता है!

दिन जल्दी-जल्दी ढलता है !

प्रसंग - प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक आरोह भाग-2 में संकलित गीत दिन जल्दी-जल्दी ढलता है से लिया गया है। इसके रचयिता हरिवंशराय बच्चन हैं। अंतिम पद में कवि ने अपने अकेलेपन और उसके कारण उत्पन्न उदासी को व्यक्त किया है।

व्याख्या - अंतिम पद में कवि उदास होकर कहते हैं कि चिड़िया और मुसाफिर के पास तो उनके अपने प्रियजन हैं, लेकिन इस दुनिया में मेरा अपना कोई नहीं है। मुझसे मिलने के लिए कौन बेचैन (विकल) हो रहा है ? मैं किसके लिए अपने कदमों को तेज करूँ ?

जब कवि के मन में यह सवाल आता है, तो उनके पैर एकदम धीमे (शीतल) पड़ जाते हैं और उनका दिल गहरी उदासी व व्याकुलता से भर जाता है।

विशेष (काव्य सौंदर्य) -

  1. मुझसे मिलने को कौन विकल में प्रश्न और अनुप्रास अलंकार है।
  2. कवि के एकाकी जीवन की निराशा और वियोग श्रृंगार रस की अभिव्यक्ति हुई है।
  3. गीत का अंत करुणामय और विचारणीय है।

आत्मपरिचय और एक गीत (हरिवंश राय बच्चन) का परीक्षा-उपयोगी भाव और शिल्प सौंदर्य  -


1. मैं जग-जीवन का भार लिए फिरता हूँ, फिर भी जीवन में प्यार लिए फिरता हूँ;

भाव सौंदर्य

सांसारिक जिम्मेदारी - कवि कहते हैं कि इस दुनिया में रहते हुए उन पर अनेक पारिवारिक और सामाजिक कर्तव्य हैं, जिनका बोझ वे उठा रहे हैं।

सकारात्मक दृष्टिकोण - दुखों और सांसारिक तनाव के बावजूद कवि के दिल में हर किसी के लिए केवल प्रेम और स्नेह भरा हुआ है।

संदेश - मनुष्य को मुश्किलों से घबराकर नफरत नहीं, बल्कि प्रेम बांटना चाहिए।

शिल्प सौंदर्य - 

भाषा - एकदम सरल, मधुर और आम बोलचाल की खड़ी बोली हिंदी है।


अलंकार - जग-जीवन में ज वर्ण की आवृत्ति के कारण अनुप्रास अलंकार है


विरोधाभास - जीवन में भार होने पर भी प्यार का होना विरोधाभास अलंकार को दर्शाता है।


2. मैं स्नेह-सुरा का पान किया करता हूँ, मैं कभी न जग का ध्यान किया करता हूँ -

भाव सौंदर्य

प्रेम की मस्ती - स्नेह-सुरा का अर्थ है प्रेम की मदिरा। कवि हमेशा प्रेम की भावना में डूबे रहते हैं और उसी का आनंद लेते हैं।


दुनिया की परवाह नहीं - संसार के लोग कमियाँ निकालते रहते हैं या ताने मारते हैं, लेकिन कवि समाज की इन व्यर्थ बातों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते।

शिल्प सौंदर्य

अलंकार - स्नेह-सुरा यानी प्रेम रूपी शराब में रूपक अलंकार का सुंदर प्रयोग है।


शैली - यह आत्मपरक गीत शैली है, जिसमें कवि ने अपने निजी अनुभवों को व्यक्त किया है।


3. मैं रोया, इसको तुम कहते हो गाना, मैं फूट पड़ा, तुम कहते छंद बनाना -

भाव सौंदर्य

कवि का हृदय स्पर्शी दर्द - कवि के दिल में अपनी प्रिया से बिछड़ने का जो गहरा दुख है, जब वह रोकर शब्दों के माध्यम से बाहर निकलता है, तो लोग उसे गाना या कविता समझ लेते हैं।


संसार का खोखलापन - दुनिया केवल बाहरी मनोरंजन देखती है, वह किसी रचनाकार के भीतर छिपी असली वेदना को नहीं समझ पाती।

शिल्प सौंदर्य

रस - इसमें मुख्य रूप से वियोग श्रृंगार रस यानी बिछड़ने का दुख साफ दिखाई देता है।

शब्द चयन - फूट पड़ना मुहावरे का प्रयोग आंतरिक दुख की तीव्रता को बहुत अच्छे से दिखाता है।


4. हो जाय न पथ में रात कहीं, मंजिल भी तो है दूर नहीं— यह सोच थका दिन का पंथी भी जल्दी-जल्दी चलता है -

भाव सौंदर्य

समय का महत्व - यह पंक्ति एक गीत से ली गई है। कवि कहते हैं कि रास्ते में चलने वाला मुसाफिर यानी पंथी यह सोचकर तेज चलने लगता है कि कहीं घर पहुँचने से पहले ही रात न हो जाए।


लक्ष्य की चाह - जब इंसान को अपनी मंजिल पास दिखाई देती है, तो उसकी सारी थकान गायब हो जाती है और उसके कदमों में तेजी आ जाती है।

शिल्प सौंदर्य

अलंकार - जल्दी-जल्दी में एक ही शब्द लगातार दो बार आया है, इसलिए यहाँ पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।


बिंब - इसमें गति का अहसास कराने वाला दृश्य बिंब मौजूद है।


प्रिय विद्यार्थियों, कक्षा 12 हिंदी पाठ 1 के संपूर्ण नोट्स का यह अध्याय यहीं पूर्ण होता है। इस लेख में हमने 'आत्मपरिचय' और 'एक गीत' कविता की व्याख्या को बेहद सरल शब्दों में समझ लिया है।

 इसके साथ ही आपके बोर्ड एग्जाम के लिए कवि हरिवंश राय बच्चन जी का परिचय और सभी महत्वपूर्ण प्रश्न-उत्तर भी पूरे करा दिए गए हैं। आप इस लेख  की मदद से अपने घर बैठे अच्छा  दोहरान कर सकते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि यह अध्याय आपको परीक्षा में अच्छे अंक  दिलाने में पूरी तरह सार्थक साबित होगा।